आगरा। शमसाबाद थाना क्षेत्र के ऊँचा गांव में चोरों ने एक किसान के खेत स्थित ट्यूबवेल पर लगे ट्रांसफार्मर को निशाना बना लिया। बदमाश ट्रांसफार्मर से तांबे की कॉइल, तेल समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना का पता बुधवार सुबह खेत पर पहुंचे किसान को चला। पीड़ित ने थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
ऊँचा गांव निवासी आनंद कुमार पुत्र ऐदल सिंह का गांव के पास खेत में ट्यूबवेल है। बुधवार सुबह करीब छह बजे वह खेत पर पहुंचे तो ट्यूबवेल पर लगा ट्रांसफार्मर खुला और क्षतिग्रस्त हालत में पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि बदमाश ट्रांसफार्मर से तांबे की कॉइल, तेल और अन्य जरूरी सामान निकालकर ले गए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही किसान ने आसपास के ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। किसान के मुताबिक, ट्रांसफार्मर से सामान चोरी होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे खेतों में फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भी नाराजगी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और खेतों व ट्यूबवेलों को निशाना बनाने वाले चोरों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
थाना प्रभारी सुरेंद्र राव ने बताया कि किसान की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ ही अज्ञात बदमाशों की पहचान के प्रयास कर रही है।
संवाददाता: राजू खान






