फिरोजाबाद। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार को शहर में भगवान विश्वकर्मा एवं मैथिल कोकिल कवि विद्यापति की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियों और भक्ति गीतों ने पूरे शहर को भक्तिमय कर दिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ सुबह 11 बजे सदर विधायक मनीष असीजा ने झंडी दिखाकर किया। महापौर कामिनी राठौर, भाजपा महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर सहित आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने भगवान विश्वकर्मा की आरती उतारी और इसके बाद शोभायात्रा रवाना हुई।
शोभायात्रा राधा-कृष्ण मंदिर से शुरू होकर घंटाघर, सेंट्रल चौराहा, बर्फखाना चौराहा, पुराना डाकखाना और रामलीला चौराहा होते हुए कोटला चुंगी चौराहा पहुंची। इसके बाद कोटला रोड स्थित ब्लू हैबिन मैरिज होम में शोभायात्रा का समापन हुआ। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा में भगवान विश्वकर्मा का मुख्य डोला आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। इसके साथ ही भगवान राम दरबार, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, खाटू श्याम, मां दुर्गा, भगवान गणेश और भगवान नरसिंह की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं।
कलाकार राहुल छबीला की ओर से प्रस्तुत भगवान महाकाल और राधा-कृष्ण की जीवंत झांकियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कलाकारों ने भक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शहरवासी मौजूद रहे।
संवाददाता भुवनेश कुमार






