आगरा के सीता नगर स्थित जोहरा बाग के सीताराम घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। छठ मैया की पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचे। इस दौरान एत्मादपुर विधायक धर्मपाल सिंह ने छठ मैया की पूजा करने आए श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और सभी को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।घाट पर व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पूरी श्रद्धा एवं आस्था के साथ छठ मैया की पूजा-अर्चना की। व्रती महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। पूरे घाट पर भक्ति, उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।इस अवसर पर मुख्य व्यवस्थापक अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि छठ महापर्व पूर्वांचल समाज का प्रमुख एवं पवित्र त्योहार है। यह पर्व प्रकृति और सूर्य उपासना का प्रतीक है। इसमें भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना की जाती है। श्रद्धालु लगभग 36 घंटे तक कठिन निर्जला व्रत रखकर पूरे नियम और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना करते हैं।उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, परिवार की खुशहाली और सामाजिक एकता का संदेश देता है। इस पर्व में समाज के सभी लोग मिल-जुलकर आयोजन में सहयोग करते हैं।वहीं, सीता नगर छत्ता जोन के नगर निगम सीएसएफआई राजवीर सिंह ने बताया कि छठ महापर्व को देखते हुए सीताराम घाट पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है। घाट को आकर्षक रंगोलियों से सजाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण मिल सके।क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि मंगल सिंह चौहान द्वारा भी घाट पर व्यवस्थाओं का लगातार जायजा लिया गया। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा।इस अवसर पर विधायक धर्मपाल सिंह, पार्षद प्रतिनिधि मंगल सिंह चौहान, सीएसएफआई राजवीर सिंह, रामजी भैया, राजू, मनोज चौहान, सीता नगर मंडल अध्यक्ष गजेंद्र वर्मा, ओपी चौहान, मुख्य व्यवस्थापक अभय कुमार मिश्रा, संरक्षक नंदलाल यादव, श्री देवी प्रसाद पांडेय, अमरेश शर्मा, ओमप्रकाश पांडेय, जयप्रकाश, राजकुमार सिंह, नरेंद्र प्रताप सिंह, संतोष सिंह, परदेशी लाल एवं सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
संवाददाता: राम माहौर







