आगरा। ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस-2 स्थित श्री रामलीला पार्क में आयोजित रामलीला महोत्सव के अंतर्गत बुधवार शाम अहिरावण वध का रोमांचक एवं भावपूर्ण मंचन किया गया। इस दौरान पाताल लोक के मनमोहक दृश्य, अहिरावण की मायावी शक्तियां और संकटमोचन हनुमान जी के अद्भुत पराक्रम ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, हनुमान जी और उनके पुत्र मकरध्वज के मिलन का प्रसंग दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।मंचन में दिखाया गया कि रावण के आदेश पर अहिरावण छलपूर्वक प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण जी को पाताल लोक ले जाता है। इसकी जानकारी मिलने पर हनुमान जी प्रभु की रक्षा के लिए पाताल लोक पहुंचते हैं। वहां उनकी भेंट अपने पुत्र मकरध्वज से होती है। पिता-पुत्र के इस अनोखे मिलन और दोनों के बीच हुए संवाद ने दर्शकों को भावुक कर दिया। इस प्रसंग में भक्ति, कर्तव्य और धर्म के प्रति समर्पण का सुंदर संदेश देखने को मिला।इसके बाद हनुमान जी अहिरावण की मायावी शक्तियों का सामना करते हुए उसका वध कर देते हैं और प्रभु श्रीराम एवं लक्ष्मण जी को उसके बंधन से मुक्त कराते हैं। अहिरावण वध के रोमांचक दृश्य के साथ ही पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। कलाकारों की शानदार संवाद अदायगी, प्रभावशाली अभिनय और आकर्षक मंच सज्जा ने पूरे प्रसंग को जीवंत बना दिया। श्रद्धालुओं ने तालियों और जयकारों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।इस मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के प्रति हनुमान जी की अटूट भक्ति, अदम्य साहस, निष्ठा और समर्पण का संदेश दिया गया। रामलीला महोत्सव में प्रतिदिन प्रस्तुत किए जा रहे धार्मिक प्रसंगों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।कार्यक्रम में रामलीला महोत्सव के संस्थापक बालकिशन गुप्ता, प्रदीप शर्मा, कृष्णवीर सिंह सिकरवार एवं अध्यक्ष गिर्राज प्रसाद पाठक सहित डॉ. नौनीहाल कुशवाह, लक्ष्मीकांत उपाध्याय, देवेंद्र गुप्ता, पप्पू गहलोत, राकेश चौहान, उमेश दीक्षित, हरिविलास यादव, ओमप्रकाश कुशवाह, वीरेंद्र चौधरी, शेर सिंह कुशवाह, योगेश यादव, चौधरी दिनेश सिंह, पंडित सोनू शर्मा एवं पुष्पेन्द्र सिंह सिकरवार की गरिमामयी उपस्थिति रही।मंचन श्री बाल हनुमान आदर्श रामलीला मंडल के संचालक पं. दिनेश चंद्र शास्त्री महाराज के निर्देशन में मंडली के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया।आज होगा रावण वध और श्रीराम का राजतिलकरामलीला महोत्सव के अंतिम दिन आज रावण वध के साथ अधर्म पर धर्म की विजय का भव्य मंचन किया जाएगा। इसके पश्चात प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन और राजतिलक का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत होगा। इस विशेष आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
संवाददाता: राम माहौर






