आगरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद आगरा की टीम ने दूध एवं दुग्ध पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए दूध एवं दुग्ध पदार्थों समेत कुल 17 विधिक नमूने लिए गए।अभियान के तहत देवरी रोड गुम्मट स्थित यादव मिल्क डेयरी के हॉकर वाहन से दूध का नमूना, पचकुइया चौराहे से गाय के दूध का नमूना, नागलपदी दयालबाग की भावना डेयरी से दही और भावना द्वारिका स्टेट स्थित Pinnacle Food से पनीर का नमूना लिया गया।वहीं माड़िया कटरा क्रॉसिंग, तोता का ताल स्थित Neeraj Dairy से क्रीम, घी और बटर के तीन नमूने लिए गए। फतेहाबाद-बाह रोड क्षेत्र में अलग-अलग व्यक्तियों से मिश्रित दूध के पांच नमूने भी संग्रहित किए गए।इसके अलावा बाह क्षेत्र के नगला भरी, मानिकपुरा में वाहन से Sugar Boiled Confectionery और मिश्रित दूध के नमूने लिए गए। स्याहीपुरा क्षेत्र में भी वाहनों की जांच के दौरान मिश्रित दूध के दो नमूने संग्रहित किए गए।खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार अभियान में कुल 11 दूध/मिश्रित दूध/गाय के दूध, 1 दही, 1 क्रीम, 1 घी, 1 बटर, 1 पनीर और 1 Sugar Boiled Confectionery का विधिक नमूना लिया गया है।सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दूध और दुग्ध पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








