आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाल रोग विभाग में छत के एक कोने का प्लास्टर बरसात और नमी के कारण झड़कर गिरने की घटना सामने आई थी। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर पूरी छत गिरने और बच्चों के घायल होने या मौत की भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं।एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रशांत गुप्ता ने इन खबरों का स्पष्ट रूप से खंडन किया है। उन्होंने बताया कि पूरी छत नहीं गिरी थी, बल्कि छत के केवल एक कोने का प्लास्टर गिरा था। घटना में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई है।एहतियात के तौर पर वार्ड में भर्ती बच्चों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। प्रिंसिपल डॉ. प्रशांत गुप्ता ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और प्लास्टर की मरम्मत का कार्य भी शुरू करा दिया है।जिला प्रशासन ने भी सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही झूठी और भ्रामक खबरों का संज्ञान लिया है। प्रशासन की ओर से ऐसी अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी अपुष्ट या भ्रामक खबर पर विश्वास न करें और सही जानकारी के लिए अधिकृत स्रोतों पर भरोसा करें।





