आगरा जनपद में किसानों के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और सहकारी व निजी केंद्रों के माध्यम से नियमानुसार वितरण किया जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 17,233 मीट्रिक टन यूरिया, 11,432 मीट्रिक टन डीएपी और 13,134 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है।वहीं, आगरा में Farmer Registry का काम भी तेजी से चल रहा है। जिले में कुल 3,84,623 किसानों की Farmer Registry प्रस्तावित है, जिसमें से 3,32,600 किसानों की Registry पूरी हो चुकी है। यानी करीब 86.47 प्रतिशत किसानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है।अभी 52,023 किसानों की Farmer Registry लंबित है। इन समस्याओं के समाधान के लिए राजस्व विभाग द्वारा सभी तहसील परिसरों में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। कैंप में अंश निर्धारण, आधार-खतौनी में नाम की विसंगति और अन्य राजस्व अभिलेखों से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।सरकार के निर्देश के अनुसार भविष्य में कृषि एवं अन्य कृषि निवेशों का वितरण Farmer Registry के माध्यम से किए जाने का प्रस्ताव है। ऐसे में कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी Farmer Registry पूरी करा लें, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं और कृषि निवेश का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।उधर, उर्वरक की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री रोकने के लिए कृषि एवं सहकारिता विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन उर्वरक फुटकर विक्रेताओं के प्राधिकार पत्र निलंबित किए गए हैं।अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही Farmer Registry से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए तहसील स्तर पर विशेष कैंप लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।किसानों से अपील है कि वे अपनी Farmer Registry शीघ्र पूरी कराएं और किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित तहसील स्तर पर आयोजित विशेष कैंप का लाभ उठाएं।





