आगरा। आगामी गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराने के लिए थाना सिकंदरा परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सदर विक्रम सिंह राघव ने की। इस दौरान अधिकारियों ने गणेशोत्सव आयोजकों, मंदिर समितियों, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ पर्व की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की।बैठक में एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद, नायब तहसीलदार अनिल चौधरी और थाना प्रभारी सिकंदरा राजीव त्यागी सहित क्षेत्र के गणेशोत्सव आयोजक, मंदिर समिति के पदाधिकारी, पार्षद, ग्राम प्रधान और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।अधिकारियों ने गणेश चतुर्थी के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि गणेश प्रतिमा की स्थापना निर्धारित और अनुमति प्राप्त स्थल पर ही की जाए। पंडाल लगाने से पहले संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य होगा।बैठक में डीजे और लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप रखने तथा रात में निर्धारित समय के बाद लाउडस्पीकर का प्रयोग नहीं करने की अपील की गई। इसके साथ ही गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान निकलने वाले जुलूस के रूट की जानकारी पहले से पुलिस को देने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रखा जा सके।अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचें। क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।एसडीएम सदर विक्रम सिंह राघव ने कहा कि गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर साफ-सफाई, विद्युत सुरक्षा और कानून व्यवस्था के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता है कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बना रहे।वहीं, एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने कहा कि गणेश चतुर्थी को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है।बैठक के अंत में उपस्थित गणेशोत्सव आयोजकों और क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन को सहयोग देने तथा गणेश चतुर्थी पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाने का संकल्प लिया।





