आगरा। जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल की अध्यक्षता में गठित जिलास्तरीय समिति के समक्ष शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को विकास भवन सभागार, आगरा में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए किसानों का ई-लॉटरी के माध्यम से चयन किया गया।शासनादेश के अनुसार आयोजित इस ई-लॉटरी में जनपद के किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कृषि विभाग की ओर से 10 हजार रुपये से अधिक अनुदान वाले विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए कुल 551 बुकिंग प्राप्त हुई थीं। इनमें कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक, ट्रैक्टर ऑपरेटेड कंबाइन हार्वेस्टर, मल्टी क्रॉप प्लांटर, मल्टी क्रॉप थ्रेसर, ऑयल मिल विद फिल्टर, पोटैटो प्लांटर, रोटावेटर, स्ट्रॉ रीपर और सुपर सीडर सहित विभिन्न कृषि यंत्र शामिल हैं।इन योजनाओं के तहत उपलब्ध 108 कृषि यंत्रों के लिए ई-लॉटरी के माध्यम से किसानों का चयन किया गया। चयनित किसानों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर मैसेज के माध्यम से सूचना भी प्राप्त हुई। चयन का संदेश मिलते ही किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे।ई-लॉटरी प्रक्रिया के दौरान उपायुक्त श्रम एवं रोजगार, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, प्रभारी कृषि विज्ञान केंद्र, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अग्रणी बैंक जिला प्रबंधक, केनरा बैंक तथा डीएलईसी के नामित सदस्य श्री मोहन सिंह चाहर, श्री हरीश कुमार दुबे, श्री हरीश कुमार, श्री मान सिंह और श्री सौरभ शर्मा सहित लगभग 250 से 300 किसान उपस्थित रहे।कृषि विभाग द्वारा ई-लॉटरी की प्रक्रिया को शासनादेश के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया।





