आगरा। जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट, आयु, चालक की पात्रता और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की गई।बैठक में बताया गया कि मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक प्रदेशभर में अनधिकृत और अनफिट स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आगरा में 412 स्कूलों के नाम पर कुल 1421 वाहन पंजीकृत हैं। अभियान के दौरान अब तक 140 वाहनों के चालान किए गए हैं, जबकि 37 वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद कराया गया है।10 अगस्त की सूची के अनुसार 79 वाहन अनफिट पाए गए थे। इनमें से 7 वाहनों की फिटनेस पूरी हो चुकी है, जबकि 72 वाहनों का सत्यापन अभी लंबित है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इन 72 वाहनों का केवल कागजी सत्यापन न किया जाए, बल्कि परिवहन विभाग की टीम मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करे। यह भी स्पष्ट किया जाए कि वाहन संचालित है, मौके पर खड़ा है या स्क्रैप हो चुका है। अनफिट वाहन चलते पाए जाने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्थिति में अनफिट वाहन संचालित नहीं होने चाहिए और सभी विद्यालयों में सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने निजी वैन से विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों की व्यवस्था की भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभिभावकों के समूह द्वारा बच्चों के आवागमन के लिए वाहन की व्यवस्था किए जाने पर भी वाहन का पंजीकरण, फिटनेस और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है।बैठक में विद्यालयवार फिट और अनफिट वाहनों की सूची, भौतिक सत्यापन की स्थिति तथा सत्यापित चालकों का पूरा विवरण तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सुबह विद्यालय खुलने के समय विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर बच्चों को विद्यालय लाने-ले जाने वाले वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने विद्यालयों की सुरक्षा एवं परिवहन समितियों की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने और विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन की लगातार समीक्षा करने पर भी जोर दिया।बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर श्री यमुनाधर चौहान, एआरटीओ श्री आलोक अग्रवाल, जिला विद्यालय निरीक्षक बालिका श्री विश्वप्रताप सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के संचालक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।





