आगरा। ताजगंज क्षेत्र की वर्षों पुरानी नगर निगम डिस्पेंसरी को दोबारा व्यवस्थित कर आमजन के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की उम्मीद जगी है। बुधवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य और सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिया गौतम ने ताजगंज स्थित नगर निगम डिस्पेंसरी का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने डिस्पेंसरी की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और क्षेत्रवासियों से स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन के संस्थापक चेतन अरोड़ा, अध्यक्ष कृष्ण मुरारी अग्रवाल और अग्रवाल युवा संगठन के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल मौजूद रहे। संगठन के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त को डिस्पेंसरी से जुड़ी समस्याओं और क्षेत्र की स्वास्थ्य जरूरतों से अवगत कराया।
संगठन के संस्थापक चेतन अरोड़ा ने बताया कि डिस्पेंसरी को दोबारा बेहतर ढंग से संचालित कराने के लिए पिछले करीब पांच वर्षों से संगठन के पदाधिकारियों और क्षेत्रीय लोगों की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ताजगंज में बड़ी आबादी निवास करती है। इसके अलावा ताजमहल के आसपास का प्रमुख पर्यटन क्षेत्र होने के कारण यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक भी पहुंचते हैं। ऐसे में क्षेत्र में एक व्यवस्थित स्वास्थ्य केंद्र की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में इस डिस्पेंसरी में चार चिकित्सक बैठते थे। यहां होम्योपैथिक और एलोपैथिक चिकित्सा के साथ-साथ टीबी जांच और ड्रेसिंग जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध थीं। समय के साथ यहां स्वास्थ्य सेवाएं सीमित होती चली गईं, जिससे स्थानीय लोगों को उपचार के लिए अन्य स्थानों का रुख करना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय लोगों ने नगर आयुक्त से डिस्पेंसरी में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, चिकित्सकों की तैनाती करने और स्वास्थ्य सेवाओं को नियमित रूप से संचालित कराने की मांग की।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने निरीक्षण के दौरान लोगों को भरोसा दिलाया कि डिस्पेंसरी की स्थिति में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यहां जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के साथ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने ताजगंज जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्र में इस स्वास्थ्य केंद्र की उपयोगिता को भी रेखांकित किया।
बताया गया कि यह नगर निगम की पुरानी डिस्पेंसरियों में शामिल है। इससे पहले मंडलायुक्त की ओर से भी डिस्पेंसरी को दोबारा संचालित कराने के संबंध में निर्देश दिए जा चुके हैं। ऐसे में नगर आयुक्त के निरीक्षण के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि डिस्पेंसरी को जल्द व्यवस्थित कर नियमित स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की जाएंगी।
डिस्पेंसरी के पुनरुद्धार से ताजगंज क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों को नजदीक ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही पर्यटन क्षेत्र होने के कारण किसी आपात स्थिति में स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने में भी यह केंद्र उपयोगी साबित हो सकता है।






