आगरा। ताजगंज में पिछले 69 वर्षों से आयोजित हो रही ऐतिहासिक श्रीराम बारात की तैयारियों को लेकर श्रीराम बारात शोभायात्रा समिति, ताजगंज के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त नगर निगम आगरा संतोष कुमार वैश्य से मुलाकात की। समिति ने आगामी शोभायात्रा के दौरान नगर निगम से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।समिति पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त के समक्ष राम बारात मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, विशेष सफाई व्यवस्था सहित शोभायात्रा के सुचारु संचालन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं का मुद्दा रखा। समिति ने हर वर्ष श्रीराम बारात के आयोजन में नगर निगम की ओर से मिलने वाले सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने समिति को आश्वासन दिया कि राम बारात मार्ग और आसपास के क्षेत्रों की व्यवस्थाओं का संबंधित अधिकारियों के माध्यम से निरीक्षण कराया जाएगा। आवश्यकतानुसार सड़क, प्रकाश एवं सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए कार्रवाई की जाएगी, ताकि शोभायात्रा के आयोजन से पहले सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जा सकें।समिति पदाधिकारियों ने कहा कि ताजगंज की श्रीराम बारात धार्मिक आयोजन के साथ-साथ आगरा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे भव्य और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए नगर निगम एवं प्रशासन का सहयोग महत्वपूर्ण है।इस अवसर पर श्रीराम बारात समिति के अध्यक्ष हरि सिंह बघेल (बेदरिया राम गजक वाले), उपाध्यक्ष श्रीप्रकाश गुप्ता (विझामई वाले), महामंत्री राकेश अग्रवाल, संयोजक महेश प्रजापति, मीडिया प्रभारी चेतन अरोड़ा, मंत्री कुलदीप शिवहरे एवं रवि माहौर सहित समिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।





