आगरा। लोक निर्माण विभाग, आगरा के क्षेत्रीय कार्यालय में मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को अभियंता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विश्वस्तरीय निर्माण एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले भारत रत्न डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
अभियंता दिवस के अवसर पर लोक निर्माण विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय, आगरा में डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की कांस्य प्रतिमा का अनावरण मुख्य अभियंता, आगरा क्षेत्र लोक निर्माण विभाग, इं. एन.के. यादव ने किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अधीक्षण अभियंता, आगरा वृत्त इं. एस.के. हरित, अधीक्षण अभियंता श्री मनीष कुमार सहित अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड इं. आर.एस. वर्मा, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-2 इं. जी.के. वार्ष्णेय और अधिशासी अभियंता (स्टाफ ऑफिसर) श्री विनोद कुमार मौजूद रहे।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग के क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न सहायक अभियंताओं, अवर अभियंताओं सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में डॉ. विश्वेश्वरैया के इंजीनियरिंग क्षेत्र में योगदान और उनके आदर्शों को याद करते हुए अभियंताओं को तकनीकी दक्षता, गुणवत्ता और जिम्मेदारी के साथ निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





