फिरोजाबाद के रामगढ़ थाना क्षेत्र में हुई कमल हत्याकांड की घटना में पुलिस ने वांछित आरोपी आकाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त को रामगढ़ थाना क्षेत्र के नगला गुलरिया में एक निर्माणाधीन मकान के अंदर एक युवक का नग्न अवस्था में शव मिला था। मृतक की पहचान आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र के नगला केसरी निवासी कमल के रूप में हुई थी।घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। इसी दौरान रामगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड में वांछित आरोपी आकाश सांती रोड पर छिपा हुआ है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मृतक के साथ कुकर्म का प्रयास किया था। कमल द्वारा विरोध किए जाने से आरोपी नाराज हो गया और इसी विरोध के चलते उसकी हत्या कर दी।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, मृतक का मोबाइल फोन, मृतक के कपड़े और घटना में प्रयुक्त लोडर टिर्री बरामद करने का दावा किया है।फिलहाल घायल आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है और पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।






