आगरा में जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालन आख्या की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।बैठक में जननी सुरक्षा योजना यानी जेएसवाई के तहत मंत्रा पोर्टल पर लंबित भुगतानों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लाभार्थियों के पंजीकरण, सत्यापन और भुगतान की स्थिति की ब्लॉकवार जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि तकनीकी समस्याओं को जल्द दूर कर पात्र लाभार्थियों का भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पोर्टल के आंकड़ों और वास्तविक लाभार्थियों की संख्या में अंतर होने पर रिकॉर्ड का मिलान कर डेटा को अपडेट करने के निर्देश दिए।आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और राशन कार्ड में छह या उससे अधिक सदस्यों वाले परिवारों के पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने आशा कार्यकत्रियों के माध्यम से लाभार्थियों का गांववार और नामवार सत्यापन कराने के निर्देश दिए। जिनके कार्ड बन चुके हैं, उन्हें अलग से चिन्हित करने और मृतक, गांव से बाहर रहने वाले या ट्रेस न हो पाने वाले लाभार्थियों की स्थिति भी स्पष्ट रूप से दर्ज करने को कहा गया।इसके साथ ही एचपीवी टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विद्यालयवार टीकाकरण की प्रगति, विद्यालय भ्रमण और लंबित टीकाकरण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय स्तर पर शिविर लगाकर पात्र छात्राओं का टीकाकरण कराया जाए और जो छात्राएं टीकाकरण से वंचित हैं, उन्हें चिन्हित कर जल्द टीका लगाया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों की प्रभावी कार्यप्रणाली को अन्य विद्यालयों में भी लागू किया जाए। साथ ही शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए विद्यालयवार प्रगति की लगातार निगरानी की जाए।बैठक में संस्थागत प्रसव, संपूर्ण टीकाकरण, संचारी एवं वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, दस्तक अभियान, ई-संजीवनी, ई-कवच, आभा आईडी, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय आंधता निवारण कार्यक्रम, परिवार नियोजन और राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम समेत अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कम प्रगति वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देते हुए सुधारात्मक कार्रवाई की जाए और स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए।जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल ने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से पात्र लाभार्थियों को बेहतर सेवाओं का लाभ मिल रहा है। इसी गति को बनाए रखते हुए अधिकारी आपसी समन्वय और नियमित निगरानी के साथ शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में कार्य करें।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव सहित स्वास्थ्य विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





