आगरा, 16 सितंबर 2026। कृषि विज्ञान केंद्र, बिचपुरी, आगरा के सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप कृषि निदेशक आगरा मुकेश कुमार ने की। किसान दिवस में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों की समस्याओं को जिलास्तरीय अधिकारियों ने सुना और कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया।
किसान दिवस के दौरान कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सहकारिता विभाग से संबंधित 2, सिंचाई विभाग से 2, विद्युत विभाग से 3, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से संबंधित 2, उद्यान विभाग से 1 तथा उप कृषि निदेशक से संबंधित 1 शिकायत शामिल रही। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
बैठक में किसानों को सरसों के बीज की बुकिंग के संबंध में जानकारी दी गई। उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसान कृषि विभाग के पोर्टल agriculture.up.gov.in पर सरसों के बीज के लिए बुकिंग कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी भी किसानों को दी गई।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी आगरा ने किसानों को पशुओं में होने वाली लम्पी स्किन डिजीज से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने बताया कि पशुओं को बीमारी से बचाने के लिए विभाग की ओर से टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। किसानों से पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई।
वहीं, जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने किसानों को बाजरा खरीद की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों को आलू के बीज से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई। अधिकारियों ने किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
किसान दिवस में उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, अधिशासी अभियंता ग्रामीण विद्युत, अधिशासी अभियंता नलकूप खंड, अधिशासी अभियंता सिंचाई नहर के प्रतिनिधि, सहायक निदेशक मत्स्य, सहायक अभियंता लघु सिंचाई तथा जिला खाद्य विपणन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में किसान मोहन सिंह चाहर, श्याम सिंह चाहर, लक्ष्मी नारायण बघेल, सोमवीर यादव सहित जनपद के 100 से अधिक किसानों ने सहभागिता की।





