लखनऊ/आगरा। उत्तर प्रदेश में खाद्य पदार्थों में मिलावट और नकली दावों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति द्वारा एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है। इस समिति के कार्यकारी सभापति की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भाजपा प्रदेश मंत्री एवं एमएलसी विजय शिवहरे को सौंपी गई है।जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों ने विजय शिवहरे को बधाई और शुभकामनाएं दीं।बताया गया कि विजय शिवहरे के सांगठनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। समिति के माध्यम से खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों और भ्रामक विज्ञापनों व नकली दावों के जरिए लोगों को गुमराह करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की दिशा में काम किया जाएगा।इसका उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।वहीं, जिम्मेदारी मिलने पर विजय शिवहरे ने शीर्ष नेतृत्व और विधान परिषद के सभापति का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य और जीवन से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ समिति पूरी कड़ाई से काम करेगी। मिलावटमुक्त उत्तर प्रदेश का निर्माण ही हमारी प्राथमिकता है।अब देखना होगा कि समिति की कार्रवाई के बाद प्रदेश में खाद्य पदार्थों में मिलावट और नकली दावों के खिलाफ किस तरह के प्रभावी कदम उठाए जाते हैं।





