आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एस.एन. मेडिकल कॉलेज), आगरा के प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने एक बड़ी चिकित्सकीय उपलब्धि हासिल की है। विभाग की विशेषज्ञ टीम ने टेम्पोरोमैंडिबुलर जॉइंट (TMJ) एंकिलोसिस से पीड़ित एक मरीज की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की है।मरीज की स्थिति इतनी गंभीर थी कि उसका मुंह बिल्कुल भी नहीं खुल पा रहा था। इसके चलते उसे खाना खाने, चबाने, बोलने और मुंह की साफ-सफाई करने में काफी परेशानी हो रही थी। विशेषज्ञ टीम ने चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया।सर्जरी के बाद मरीज का मुंह अब पूरी तरह खुल पा रहा है और उसके दांतों की बाइट यानी Occlusion भी सही हो गई है। मरीज अब आसानी से खाना खा पा रहा है। सफल उपचार के बाद मरीज और उसके परिजनों ने मेडिकल कॉलेज की टीम का आभार व्यक्त किया।एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रो. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि TMJ एंकिलोसिस की सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण होती है। ऐसे मामलों में सर्जिकल टीम के साथ-साथ एनेस्थीसिया टीम के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि एस.एन. मेडिकल कॉलेज में आधुनिक तकनीक और अनुभवी चिकित्सकों की मदद से लगातार जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की जा रही हैं।इस सर्जरी को प्लास्टिक सर्जरी विभाग की टीम ने अंजाम दिया। सर्जिकल टीम में डॉ. पुनीत भारद्वाज, डॉ. श्री प्रिया पी.पी., डॉ. प्रीति भारद्वाज, डॉ. आकाश, डॉ. अभिषेक पंकज और डॉ. अर्पिता शामिल रहे।वहीं, ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया विभाग की ओर से डॉ. अमृता, डॉ. विकास और डॉ. पीयूषा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जटिल एनेस्थीसिया प्रबंधन और सर्जिकल टीम के समन्वित प्रयासों से यह कठिन ऑपरेशन सुरक्षित तरीके से पूरा किया गया।क्या है TMJ एंकिलोसिस?TMJ एंकिलोसिस एक ऐसी गंभीर स्थिति है, जिसमें जबड़े का जोड़ असामान्य रूप से जुड़ या कठोर हो जाता है। इसके कारण मरीज का मुंह खोलना बेहद मुश्किल हो सकता है या पूरी तरह बंद हो सकता है। इससे खाना चबाने, बोलने और ओरल हाइजीन बनाए रखने में गंभीर परेशानी होती है।एस.एन. मेडिकल कॉलेज में इस जटिल सर्जरी की सफलता मैक्सिलोफेशियल, प्लास्टिक एवं रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के क्षेत्र में संस्थान की विशेषज्ञता और उन्नत चिकित्सा सेवाओं को दर्शाती है।





