आगरा शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 6 जुलाई को पुलिस उपायुक्त (यातायात) सोनम कुमार के निर्देशन में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान उन रोडवेज बसों को निशाना बनाया गया जो राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख मार्गों पर नियमों की अनदेखी करते हुए सड़क किनारे बसें खड़ी कर सवारियां भर रही थीं। इससे न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ रहा था।ट्रांसपोर्ट नगर पुल के नीचे, अब्बूलाला दरगाह, सुधा नर्सरी और रामबाग पुल (NH-19) समेत कई प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग की गई। कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाली 22 रोडवेज बसों का चालान किया गया, जबकि 13 बसों को सीज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।आगरा ट्रैफिक पुलिस ने सभी वाहन चालकों और परिवहन संचालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित व सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। ट्रैफिक पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता: राकेश शर्मा





