आगरा में नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत ताजगंज थाना क्षेत्र के विभव नगर चौराहे पर नगर निगम की टीम ने बुलडोज़र चलाकर करीब 30 झुग्गियों को हटाने की कार्रवाई की।कार्रवाई के दौरान झुग्गीवासियों ने इसका कड़ा विरोध किया। लोगों का कहना है कि वे पिछले लगभग 30 वर्षों से यहां रहकर अपना जीवन-यापन कर रहे हैं। अचानक की गई कार्रवाई से उनके सामने रहने और रोज़गार का संकट खड़ा हो गया है।नगर निगम की कार्रवाई से नाराज़ लोगों ने मौके पर बुलडोज़र के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की और सड़क पर जाम लगा दिया। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। फिलहाल नगर निगम का अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी है, जबकि स्थानीय लोग कार्रवाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। संवाददाता: राकेश शर्मा





