आगरा में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी बैठक आयोजित की। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में सांसदों, विधायकों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदेय स्थलों के युक्तियुक्त संभाजन यानी रेशनलाइजेशन पर चर्चा की गई।बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ऐसे मतदान केंद्र, जहां 1200 से अधिक मतदाता हैं, उनका विभाजन किया जा रहा है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए 2 किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े।प्रशासन ने जानकारी दी कि मतदेय स्थलों की प्रारंभिक सूची पहले ही प्रकाशित की जा चुकी है और प्राप्त सभी सुझावों व शिकायतों का भौतिक सत्यापन कर उनका निस्तारण किया गया है। अब 18 जुलाई 2026 को विधानसभा क्षेत्रों की मतदेय स्थलों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।बैठक में जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव रखे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी मामलों का मौके पर जाकर परीक्षण कर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि नए मतदेय स्थलों का चयन इस प्रकार किया गया है कि मतदाताओं को सुविधा मिले और मतदान प्रक्रिया अधिक सुगम, पारदर्शी एवं व्यवस्थित हो।फिलहाल इस बैठक के साथ चुनावी तैयारियों का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है और अब 18 जुलाई को अंतिम मतदेय स्थल सूची जारी होने का इंतजार रहेगा।





