आगरा में भूजल सप्ताह के शुभारंभ पर जिलाधिकारी ने भूजल जन-जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भूजल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करेगा।इस अवसर पर भूगर्भ जल विभाग द्वारा श्री रत्नमुनि जैन इंटर कॉलेज, लोहामंडी में छात्र-छात्राओं की विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर जल बचाने का संदेश दिया और लोगों से जल संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।कार्यक्रम में भूगर्भ जल विभाग, लघु सिंचाई विभाग के अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रचार वाहन के माध्यम से तहसील सदर क्षेत्र में भी जल संरक्षण और भूजल प्रबंधन को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वर्षा जल संचयन को अपनाएं, पानी का सोच-समझकर उपयोग करें और भूजल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने में अपनी भागीदारी निभाएं।





