आगरा में गिरते भूजल स्तर को रोकने और जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर ‘भूजल सप्ताह’ का शुभारंभ किया। यह अभियान 16 से 22 जुलाई तक पूरे जनपद में चलाया जाएगा। जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। अभियान में नगर निगम, विकास विभाग, पंचायती राज, सिंचाई, जल निगम, कृषि, शिक्षा समेत कई विभाग मिलकर लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे।जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि भूजल संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने वर्षा जल संचयन, रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग और भूजल रिचार्ज को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों, स्कूलों, विकास खंडों और नगर निकायों में शपथ ग्रहण, रैली, निबंध, चित्रकला, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 22 जुलाई को जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ भूजल सप्ताह का समापन होगा।जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2025 के भूजल आकलन के अनुसार आगरा के कई विकास खंड और शहर अतिदोहित तथा क्रिटिकल श्रेणी में हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सभी नागरिकों से वर्षा जल संचयन अपनाने, जल स्रोतों के संरक्षण, तालाबों के पुनर्जीवन और जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की।





