आगरा मेट्रो परियोजना से जुड़ी बड़ी और अच्छी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने प्रथम कॉरिडोर के एलिवेटेड सेक्शन में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। सिकंदरा डेड एंड तक सभी 152 पियर यानी मेट्रो पिलरों का निर्माण पूरा कर लिया गया है।प्रथम कॉरिडोर के शेष एलिवेटेड भाग, जो खंदारी स्थित आरबीएस रैंप से सिकंदरा तक है, उसमें कुल 722 पाइल, 152 पाइल कैप और 152 पियर बनाए जाने थे। यूपी मेट्रो ने इन सभी निर्माण कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।इसके अलावा अब तक 115 पियरकैप और 220 यू-गर्डर भी तैयार किए जा चुके हैं। अरतौनी स्थित कास्टिंग यार्ड में पियरकैप और यू-गर्डर की कास्टिंग का कार्य लगातार जारी है, जिससे निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।वहीं, आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन का फिनिशिंग कार्य अंतिम चरण में है, जबकि गुरु का ताल और सिकंदरा मेट्रो स्टेशनों का निर्माण भी तेजी से प्रगति पर है।गौरतलब है कि वर्तमान में ताज ईस्ट गेट से मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन तक यात्री सेवाएं सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं। वहीं, शेष भूमिगत सेक्शन के मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी और आरबीएस कॉलेज मेट्रो स्टेशनों का निर्माण भी पहले ही पूरा हो चुका है और ये सभी स्टेशन यात्री सेवाओं के लिए तैयार हैं।यूपी मेट्रो का लक्ष्य है कि प्रथम कॉरिडोर के शेष हिस्से का निर्माण भी जल्द पूरा कर आगरा वासियों को विस्तारित मेट्रो सेवा का लाभ उपलब्ध कराया जाए।





