आगरा। थाना एकता पुलिस और सर्विलांस टीम नगर जोन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिजली का तार चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया बिजली का तार, दो मोबाइल फोन, 530 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल मैक्स महिंद्रा बोलेरो गाड़ी बरामद की है।पुलिस के मुताबिक, 18 अगस्त 2026 को एकता थाने में शिकायत मिली थी कि 30 जुलाई की रात कुछ अज्ञात लोगों ने मीराधाम कॉलोनी, दिगनेर में करीब 14 विद्युत पोल तोड़ दिए और कॉलोनी में बिछाई गई बिजली की केबल चोरी कर ली।शिकायत के आधार पर थाना एकता में मुकदमा अपराध संख्या 411/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया और अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई।जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 20 अगस्त को रोहता नहर के पास से सूरज और संतोष को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 30 और 31 जुलाई की रात उन्होंने अपने साथी पवन और किशन के साथ मिलकर मीराधाम कॉलोनी दिगनेर की बिजली काटी और विद्युत तार चोरी किया था। चोरी किए गए तार को मैक्स बोलेरो में भरकर वे धौलपुर, राजस्थान ले गए, जहां कुछ तार महेश पुत्र पूरन सिंह, निवासी बघेल कॉलोनी, धौलपुर को बेच दिया।पुलिस के अनुसार, तार बेचकर मिले पैसों को आरोपियों ने आपस में बांट लिया था। वहीं, बचा हुआ तार बेचने के लिए आरोपी शमशाबाद जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
संवाददाता: राकेश शर्मा






