फिरोजाबाद के थाना नारखी और थाना मक्खनपुर पुलिस के साथ एसओजी एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में नकबजनी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्तों में अनुज उर्फ अनूप उर्फ मोटा और मिथुन शामिल हैं, जिन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो चेन, एक अंगूठी, दो जोड़ी पाजेब, तीन करधनी, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी टॉप्स और 10 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।इसके अलावा पुलिस ने दो अवैध तमंचे 315 बोर, पांच जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार, अभियुक्त अनुज उर्फ अनूप उर्फ मोटा के खिलाफ विभिन्न जनपदों में तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।फिलहाल पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके आपराधिक इतिहास और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं के खुलासे की भी संभावना है।
संवाददाता: भुवनेश कुमार





