फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजकुमार चाहर के प्रस्ताव पर बाह-बटेश्वर क्षेत्र में करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से नए रेलवे स्टेशन के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। प्रस्तावित रेलवे स्टेशन का शिलान्यास केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा अक्टूबर माह के दूसरे सप्ताह में किए जाने की संभावना है।बटेश्वर, भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पैतृक भूमि होने के साथ-साथ धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण क्षेत्र है। ऐसे में नए रेलवे स्टेशन के निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे बटेश्वर को रेलवे के मानचित्र पर नई पहचान मिलने के साथ क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।सांसद राजकुमार चाहर द्वारा लंबे समय से बाह-बटेश्वर क्षेत्र की जनता की रेल सुविधाओं से जुड़ी मांग को केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से उठाया जा रहा था। उनके प्रस्ताव के बाद अब इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति मिली है।इसी क्रम में शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर सांसद राजकुमार चाहर ने आगरा मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गगन गोयल के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में प्रस्तावित कार्यक्रम के सफल आयोजन, व्यवस्थाओं और रेलवे स्टेशन के निर्माण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।नए रेलवे स्टेशन के निर्माण से बाह-बटेश्वर क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही बटेश्वर में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आवागमन और सुविधाएं बेहतर होंगी। रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।





