आगरा, 14 सितंबर 2026। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, उत्तर प्रदेश के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को सर्किट हाउस में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिभाग कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले 31 दिवसीय सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों, विभागवार दायित्व, नोडल एवं सह-नोडल अधिकारियों, कार्यक्रम स्थलों, समय-सारिणी तथा जनसहभागिता की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।मुख्य विकास अधिकारी एवं अभियान की नोडल अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से अभियान की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। इसमें प्रत्येक कार्यक्रम की तिथि, समय, स्थल, संबंधित विभाग और अधिकारियों की जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।जनपद प्रभारी मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूरी करें। उन्होंने व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने तथा अभियान की गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर जनसेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और लाभार्थियों की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ से अभियान का शुभारंभबैठक में बताया गया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा दिवस’ के रूप में अभियान का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ थीम के तहत जनपद के प्रमुख विकास एवं अवस्थापना स्थलों, पंचायत घरों तथा अन्य सामूहिक स्थलों पर शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।प्रमुख स्थलों में कैलाश मंदिर घाट पर 15 हजार, बटेश्वर मंदिर कॉरिडोर स्थल पर 15 हजार, यमुना आरती स्थल पर 15 हजार, पालीवाल पार्क में 10 हजार, शहीद स्मारक पर 10 हजार, बल्केश्वर मंदिर घाट पर 10 हजार, रामबाग यमुना घाट पर 10 हजार, फतेहपुर सीकरी किला पर 10 हजार तथा अटल आवासीय विद्यालय फतेहपुर सीकरी पर 10 हजार दीयों के प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके अलावा सती माता मंदिर फतेहाबाद एवं गीत गोविंद वाटिका स्थल पर भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इसी दिन अस्पतालों में रक्तदान शिविर एवं फल वितरण के कार्यक्रम होंगे। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पात्र लाभार्थियों को टूलकिट का वितरण भी किया जाएगा।जनपद प्रभारी मंत्री ने सभी कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बहुउद्देशीय सेवा शिविरों के माध्यम से मिलेगा योजनाओं का लाभअभियान के अंतर्गत सभी विकासखंडों एवं नगरीय निकाय स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता सत्यापन और आवेदन की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी।‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत राजस्व, स्वास्थ्य, श्रम, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, दिव्यांग सशक्तिकरण, खाद्य एवं रसद, शिक्षा, कृषि और पुलिस सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।अभियान के तहत वाराणसी से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान गुजरात के मेहसाणा जिले के वडनगर तक प्रस्तावित यात्रा भी जनपद से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान जनपद में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।विद्यार्थियों से लेकर आंगनबाड़ी केंद्रों तक होंगे कार्यक्रम‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में ड्राइंग, भाषण और डिबेट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। श्रेष्ठ प्रविष्टियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।वहीं, 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का सम्मान, पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता तथा बच्चों को उपयोगी सामग्री का वितरण किया जाएगा।लाभार्थियों की सफलता की कहानियां डिजिटल माध्यम से होंगी प्रचारितअभियान में ‘सेवा की कहानी’ के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियों पर रील एवं डिजिटल कंटेंट तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत रक्तदान, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच, वृद्धाश्रम एवं अनाथालय सेवा, नशामुक्ति, पोषण, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, दिव्यांगजन सहयोग और गौशाला सेवा सहित विभिन्न गतिविधियों में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा- विकसित भारत का संकल्प’ कार्यक्रम के तहत प्रमुख स्थल पर सेवा कलश की स्थापना, जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।इसके साथ ही ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत जनपद एवं विकासखंड स्तर पर प्राकृतिक सामग्री से रंगोली तैयार कराई जाएगी। इसमें कलाकारों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और विद्यार्थियों की सहभागिता रहेगी।अभियान में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।17 अक्टूबर को लखनऊ में होगा अभियान का समापनअभियान का समापन 17 अक्टूबर को लखनऊ में एक बड़े कार्यक्रम के साथ होगा, जिसमें एक लाख से अधिक जनप्रतिनिधियों की सहभागिता प्रस्तावित है।जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय कलाकारों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।बैठक में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, सांसद फतेहपुर सीकरी श्री राजकुमार चाहर, महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष श्री राकेश गर्ग, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री प्रदीप भाटी, विधायक श्रीमती रानी पक्षालिका सिंह, डॉ. जीएस धर्मेश, श्री पुरुषोत्तम खंडेलवाल, श्री छोटेलाल वर्मा, डॉ. धर्मपाल सिंह, विधान परिषद सदस्य श्री विजय शिवहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रशांत पौनिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री राजकुमार गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।इसके अलावा जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हेमंत कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप वर्मा, नगरायुक्त संतोष कुमार, सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव, पीडी डीआरडीए रेणु कुमारी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, डीपीआरओ मनीष कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





