आगरा। नागरिकों को सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगरा पुलिस लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रही है। इसी क्रम में रविवार, 13 सितंबर 2026 को अपर पुलिस आयुक्त श्री सचिन्द्र पटेल ने लालकिला के आसपास के क्षेत्र का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था और पर्यटकों की सुरक्षा का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने लालकिला परिसर के आसपास स्थित चौराहों और तिराहों पर 50 मीटर क्षेत्र को नो-एन्क्रॉचमेंट जोन के रूप में प्रभावी ढंग से लागू कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।उन्होंने कहा कि लालकिला क्षेत्र में यातायात का सुगम संचालन सुनिश्चित किया जाए और सड़क किनारे होने वाले अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।इसके साथ ही पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत अवैध गाइडों और लपकों के विरुद्ध अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पर्यटक स्थलों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए पर्यटकों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।आगरा पुलिस का कहना है कि नागरिकों के लिए सुगम यातायात व्यवस्था तथा पर्यटकों के लिए सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।






