फतेहाबाद में ACP इमरान अहमद का मानवीय और संवेदनशील रवैया सामने आया है। पैर में फ्रैक्चर होने के कारण एक महिला रैम्प और सीढ़ियां चढ़कर ACP कार्यालय तक नहीं पहुंच पा रही थी। महिला की परेशानी की जानकारी मिलते ही ACP खुद नीचे आए और जमीन पर बैठकर उसकी फरियाद सुनी।
मामला डौकी थाना क्षेत्र के पैतीखेड़ा गांव का है। यहां की रहने वाली तमन्ना देवी, पत्नी शैलेंद्र सिंह, 29 अगस्त को महिलाओं के बीच हुए विवाद के संबंध में अपनी शिकायत लेकर ACP कार्यालय पहुंची थीं। पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें कार्यालय तक पहुंचने में काफी परेशानी हो रही थी।
महिला को परेशान देखकर ACP इमरान अहमद खुद नीचे पहुंचे और उसके पास जमीन पर बैठकर उसकी पूरी बात सुनी। उन्होंने मामले की जानकारी लेते हुए महिला को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
ACP के इस व्यवहार की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना था कि फरियादी की परेशानी को समझते हुए अधिकारी का खुद नीचे आकर उसकी बात सुनना संवेदनशीलता और मानवीयता की मिसाल है।
संवाददाता: कासिम मालिक






