आगरा। नगर निगम परिसर में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा अभियान’ के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा बहनों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा बहनों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही, लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, अन्नप्राशन संस्कार के तहत नन्हे-मुन्ने बच्चों को फल एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा बहनों का योगदान महिला सशक्तीकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण है। ‘आंगन मिलन सेवा अभियान’ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उत्तरी विधानसभा के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, कार्यक्रम संयोजक नेहा गुप्ता, महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष उपमा गुप्ता, समस्त पार्षदगण एवं संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
संवाददाता: अमन सिंह






