फतेहाबाद में आगरा-बाह मार्ग पर पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। टीकतपुरा खंडेर के सामने गुरुवार शाम कार सवार युवकों ने बाइक सवार दो युवकों को रोककर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि पीछे से आई कार ने बाइक को रोककर रास्ता घेर लिया। इसके बाद कार से करीब 8 से 10 युवक नीचे उतरे और दोनों युवकों के साथ जमकर मारपीट की।
हमले में गौरव पुत्र इंद्रपाल और आदित्य पुत्र महादेव गंभीर रूप से घायल हो गए। अपनी जान बचाने के लिए दोनों युवक सड़क किनारे स्थित एक मकान में घुस गए।
पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि हमलावर उनके साथ मौजूद सामान और करीब सवा दो लाख रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के पीछे पड़ोस के रहने वाले अनूप पुत्र हरिओम से पुरानी रंजिश को वजह बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी इमरान खान और इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी फतेहाबाद भेजा।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद कर ली है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वहीं, एसीपी इमरान खान ने लूट के आरोप को गलत बताया है। उनका कहना है कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आने की बात कही जा रही है।
। संवाददाता: कासिम मलिक





