आगरा। जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार, 28 अक्टूबर को सूरसदन सभागार में आपदा जोखिम न्यूनीकरण विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिला स्वयं सहायता समूह की 300 महिलाओं, 100 आपदा मित्रों और 100 स्टेकहोल्डर्स सहित कुल 500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेन्द्र मोहन प्रजापति ने स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और आपदा के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सतर्कता के बारे में जानकारी दी।वहीं, जिला मिशन प्रबंधक रवि शंकर औदीच्य और आपदा विशेषज्ञ शिवम कुमार मिश्रा ने बाढ़, भूकंप, आग और वज्रपात जैसी प्राकृतिक एवं अन्य आपदाओं से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने प्रतिभागियों को आपदा के दौरान स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ अन्य लोगों को जागरूक करने और समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया।प्रशिक्षकों ने कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेना चाहिए। स्थानीय संसाधनों का सही उपयोग करके स्वयं के साथ-साथ आसपास के लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने आपदा प्रबंधन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि जागरूकता और प्रशिक्षण के माध्यम से आपदा से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समुदाय स्तर पर आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करना और आपदा जोखिम को कम करना रहा।






