आगरा। यूथ हॉस्टल, संजय पैलेस, आगरा में जन शिक्षण संस्थान (JSS), आगरा द्वारा प्रशिक्षकों की कार्यकुशलता और अध्यापन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘प्रशिक्षक कौशल संवर्धन कार्यशाला’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला कौशल प्रबंधक श्री अनूप धाकरे ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने प्रशिक्षकों को कौशल विकास के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षक अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं, ताकि शिक्षार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सके।
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में प्रयागराज से आए मास्टर ट्रेनर श्री अमित यादव एवं श्री अनुराग दुबे ने प्रशिक्षकों के साथ अपने अनुभव साझा किए और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी।
विशिष्ट अतिथि स्थानीय पार्षद श्री राकेश कनौजिया ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन में कौशल के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के समापन पर जन शिक्षण संस्थान के निदेशक श्री कमल सिंह ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
संवाददाता: राम माहौर






