आगरा, 05 सितम्बर 2026:जन शिक्षण संस्थान आगरा के तत्वावधान में आज सीता नगर, रामबाग स्थित प्रशिक्षण केंद्र पर ‘पेपर बैग, लिफाफा एवं फाइल मेकिंग’ कोर्स के 20 लाभार्थियों का अंतिम मूल्यांकन कार्य सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण केंद्र प्रशिक्षिका श्रीमती मीनू पाराशर के निर्देशन में संचालित किया जा रहा था।मूल्यांकन के दौरान सभी लाभार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रशिक्षणार्थियों ने स्वयं द्वारा तैयार किए गए उच्च गुणवत्ता के पेपर बैग, विभिन्न प्रकार के लिफाफे और कार्यालयीन फोल्डर मूल्यांकनकर्ताओं के समक्ष प्रस्तुत किए। हाथ से बनी इन सामग्रियों की फिनिशिंग, मजबूती और रचनात्मक डिजाइन को सभी ने खूब सराहा।इस अवसर पर संस्थान के निदेशक कमल सिंह ने लाभार्थियों द्वारा निर्मित उत्पादों का अवलोकन किया और उनकी मेहनत की प्रशंसा करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत पेपर उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे कौशल से जुड़कर महिलाएं एवं युवा घर बैठे स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।मूल्यांकन कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षिका श्रीमती मीनू पाराशर तथा राम माहौर मुख्य रूप से उपस्थित रहे और सभी सफल प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
। संवाददाता: राम माहौर





