आगरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा आटा एवं मैदा उत्पादों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जनपद आगरा में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ और जिलाधिकारी आगरा के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान विभिन्न आटा निर्माण एवं बिक्री प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया।अभियान के दौरान कुल 7 विधिक नमूने संग्रहित किए गए। इनमें गेहूँ के आटे और मैदा के नमूने शामिल हैं।कार्रवाई के दौरान बसई खुर्द, इरादत नगर स्थित श्याम भोग एंटरप्राइजेज से श्याम भोग ब्रांड गेहूँ के आटे का नमूना लिया गया। प्रतिष्ठान पर उपलब्ध करीब 1,498 किलोग्राम गेहूँ का आटा, जिसकी अनुमानित कीमत 42 हजार 693 रुपये है, उसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अभिग्रहित किया गया।इसके अलावा फतेहपुर सीकरी के गोविन्द प्रसाद एंड ब्रदर्स, भागूपुर एतमादपुर के विद्या फूड प्रोडक्ट्स, उस्मानपुर के दुर्गा फूड प्रोडक्ट्स, बोदला के अग्रवाल आटा चक्की और पीर कल्याणी स्थित अग्रवाल फूड इंडस्ट्रीज से भी आटा एवं मैदा के विधिक नमूने संग्रहित किए गए।सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





