आगरा। लोकसभा के मानसून सत्र में फतेहपुर सीकरी से सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने नियम 377 के तहत आगरा–खेरागढ़–जगनेर–तांतपुर होते हुए बयाना तक प्रस्तावित नई रेल लाइन का मुद्दा उठाया।सांसद राजकुमार चाहर ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय से इस परियोजना को जल्द वित्तीय स्वीकृति देने और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।उन्होंने बताया कि इस रेल लाइन का सर्वेक्षण वर्ष 2024 में पूरा हो चुका है, लेकिन अभी तक परियोजना को वित्तीय मंजूरी नहीं मिली है।सांसद ने कहा कि यह रेल लाइन आगरा के साथ-साथ राजस्थान के धौलपुर, भरतपुर, बयाना, हिण्डौन और करौली सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसके निर्माण से क्षेत्रीय रेल संपर्क मजबूत होगा और लाखों लोगों को बेहतर, सुरक्षित और किफायती परिवहन सुविधा मिलेगी।उन्होंने कहा कि रेल लाइन शुरू होने से कृषि, व्यापार, पर्यटन और लघु उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।राजकुमार चाहर ने रेल मंत्री से जनहित से जुड़ी इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को शीघ्र वित्तीय स्वीकृति देकर निर्माण कार्य शुरू कराने का आग्रह किया।





