आगरा, 5 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश विधान परिषद आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। सोमवार को कमिश्नरी परिसर स्थित न्यायालय आयुक्त कक्ष संख्या-4 में विभिन्न प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आकाश अग्रवाल, धीरज सिंह, राहुल पाराशर, मदन मोहन शर्मा, ब्रह्मजीत सिंह, चंद्र प्रकाश, रण विजय यादव, दिलीप कुमार, मोहम्मद वसीम और रामू प्रसाद सहित अन्य प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।वहीं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मानवेंद्र प्रताप सिंह, अम्बरीश पाल सिंह, धर्मपाल सिंह, शशांक, अनुराग सिंह, राहुल राज कुलश्रेष्ठ, रघुराज सिंह, मतेंद्र सिंह गहलोत, दक्ष कुमार, राहुल गुप्ता और रुमा कुमारी ने नामांकन पत्र जमा किए।निर्वाचन के लिए आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 27 मतदान केंद्र तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 46 मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। बिचपुरी और कटरा बजीर खां मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या निर्धारित मानक से अधिक होने के कारण एक-एक सहायक मतदेय स्थल बनाए जाने का प्रस्ताव है। वहीं जूनियर हाईस्कूल नगर निगम बजीरपुरा का भवन जर्जर होने के कारण उसी मतदान क्षेत्र में स्थित सेंट जोसेफ गर्ल्स इंटर कॉलेज, बजीरपुरा रोड को नया मतदान केंद्र बनाए जाने का प्रस्ताव किया गया है।निर्वाचन कार्यक्रमनिर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी हो चुकी है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2026 है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से होगी। प्रत्याशी 9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।इसके बाद 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 अक्टूबर 2026 को मतगणना होगी। निर्वाचन प्रक्रिया को 31 अक्टूबर 2026 तक पूरा कराया जाना निर्धारित है।नामांकन सामान्यतः सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक न्यायालय आयुक्त कक्ष संख्या-4 में किया जा रहा है। सामान्य वर्ग के प्रत्याशी को 10 हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रत्याशी को 5 हजार रुपये जमानत राशि चालान के माध्यम से जमा करनी होगी।आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, कासगंज, हाथरस, औरैया और कन्नौज जिले शामिल हैं। निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता भी प्रभावी हो गई है।इस दौरान मंडलायुक्त श्री नगेंद्र प्रताप, अपर आयुक्त श्री राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर/उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधार चौहान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। आयुक्त आगरा को आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है।





