आगरा। ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस-2 स्थित श्री रामलीला पार्क में आयोजित श्री रामलीला महोत्सव में रविवार को लंका दहन एवं विभीषण शरणागति प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। हनुमान जी के अद्भुत पराक्रम और विभीषण की धर्म के प्रति निष्ठा के प्रसंगों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से गूंज उएके ठा।मंचन में दिखाया गया कि माता सीता की खोज करते हुए हनुमान जी समुद्र पार कर लंका पहुंचते हैं। अशोक वाटिका में माता सीता को प्रभु श्रीराम की मुद्रिका देकर उन्हें शीघ्र मुक्त कराने का विश्वास दिलाते हैं। इसके बाद हनुमान जी अशोक वाटिका में फल खाते हैं और राक्षसों का संहार करते हैं। अशोक वाटिका में मचे उत्पात से क्रोधित रावण हनुमान जी को बंदी बनाने का आदेश देता है। मेघनाद द्वारा ब्रह्मास्त्र का प्रयोग किए जाने पर हनुमान जी स्वयं को बंदी बना लेते हैं।रावण के दरबार में हनुमान जी निर्भीकता से प्रभु श्रीराम का संदेश सुनाते हुए माता सीता को सम्मानपूर्वक वापस लौटाने की सलाह देते हैं, लेकिन अहंकार में डूबा रावण उनकी बात मानने से इनकार कर देता है। क्रोधित होकर रावण उनकी पूंछ में आग लगाने का आदेश देता है। इसके बाद हनुमान जी अपनी जलती हुई पूंछ से सोने की लंका को आग के हवाले कर देते हैं। देखते ही देखते पूरी लंका आग की लपटों से घिर जाती है। इस रोमांचक दृश्य पर दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारों के साथ उत्साह व्यक्त किया।इसके बाद विभीषण शरणागति प्रसंग का भावपूर्ण मंचन हुआ। रावण द्वारा प्रभु श्रीराम का विरोध करने और माता सीता को वापस न लौटाने पर विभीषण उसे धर्म, नीति और मर्यादा का मार्ग अपनाने की सलाह देते हैं। वह रावण को प्रभु श्रीराम से शत्रुता न करने के लिए समझाते हैं, लेकिन अहंकार में चूर रावण उनकी बात अनसुनी कर उन्हें अपमानित कर लंका से निष्कासित कर देता है। इसके बाद विभीषण लंका छोड़कर प्रभु श्रीराम की शरण में पहुंचते हैं। प्रभु श्रीराम उन्हें सम्मानपूर्वक शरण देकर शरणागत की रक्षा और धर्म की मर्यादा का आदर्श प्रस्तुत करते हैं।रामलीला के इन प्रसंगों के माध्यम से संदेश दिया गया कि अहंकार और अधर्म का अंत निश्चित है, जबकि सत्य, भक्ति और धर्म के मार्ग पर चलने वालों की सदैव विजय होती है।श्री बाल हनुमान आदर्श रामलीला मंडल के संचालक पं. दिनेश चंद्र शास्त्री महाराज एवं मंडली के कलाकारों ने प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया। कार्यक्रम में रामलीला महोत्सव के संस्थापक बालकिशन गुप्ता, प्रदीप शर्मा, कृष्णवीर सिंह सिकरवार, अध्यक्ष गिर्राज प्रसाद पाठक, डॉ. नौनीहाल कुशवाह, लक्ष्मीकांत उपाध्याय, देवेंद्र गुप्ता, पप्पू गहलोत, राकेश चौहान, हरिविलास यादव, ओमप्रकाश कुशवाह, वीरेंद्र चौधरी, शेर सिंह कुशवाह, योगेश यादव, चौधरी दिनेश सिंह एवं पंडित सोनू शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
संवाददाता: राम माहौर





