आगरा, 5 सितंबर 2026। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर आगरा में चुनाव प्रक्रिया की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में निर्वाचन में उपयोग की जाने वाली EVM और VVPAT मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) शुरू कर दी गई है। यह जांच 2 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जा रही है।जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष बंसल ने बताया कि प्रत्येक निर्वाचन से पहले EVM और VVPAT की तकनीकी जांच एवं परीक्षण संबंधित निर्माता कंपनियों के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में कराया जाता है। जांच में निर्धारित मानकों पर पूरी तरह सफल पाए जाने वाली मशीनों का ही निर्वाचन में उपयोग किया जाता है।आगरा में EVM-VVPAT की FLC प्रक्रिया भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) और इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा की जा रही है। यह प्रक्रिया नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति, टुंडला रोड परिसर स्थित वेयरहाउस-02, आगरा में निर्धारित की गई है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार FLC प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी और भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाती है।FLC प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी प्रक्रिया के अवलोकन का अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए जिला मुख्यालय स्थित राजनीतिक दलों से 28 अगस्त और 1 सितंबर 2026 को लिखित रूप से अपने अधिकृत प्रतिनिधि भेजने का अनुरोध किया गया था। संबंधित राजनीतिक दलों के राज्य मुख्यालयों की ओर से आवश्यक पुष्टि भी की जा चुकी है।जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष बंसल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि FLC के दौरान आवश्यक सूचना, समन्वय, सुरक्षा और अन्य सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि EVM और VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच की प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था के साथ संपन्न हो सके।





