आगरा। कृषि विज्ञान केंद्र, बिचपुरी के सभागार में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) श्री जुबेर बेग की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। किसान दिवस में करीब 100 किसानों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
किसान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सहकारिता विभाग की 3, सिंचाई विभाग की 2, विद्युत विभाग की 1, पशुपालन विभाग की 2, उद्यान विभाग की 2, मंडी समिति की 1 और कृषि विभाग की 1 शिकायत शामिल रही।
अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को किसानों की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने किसानों को उनकी समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा भी दिलाया।
इस दौरान उप कृषि निदेशक ने कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत ई-लॉटरी के माध्यम से कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान और फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में जानकारी दी। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को फसल बीमा योजना के लाभ बताए।
वहीं, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के प्रतिनिधि डॉ. ब्रजेश यादव ने पशुओं में होने वाली लम्पी स्किन डिजीज से बचाव और सावधानियों की जानकारी दी। सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने किसानों को फसली ऋण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई।
किसान दिवस में कृषि, सिंचाई, विद्युत, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, मंडी और सहकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। किसानों ने अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।





