आगरा। प्राथमिक विद्यालय सिकंदरा में शनिवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कल्पनाओं और रचनात्मक सोच को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्री पुरुषोत्तम खंडेलवाल उपस्थित रहे। उनके साथ मंडल अध्यक्ष राकेश शर्मा, मंडल मंत्री प्रदीप जैन, मंडल उपाध्यक्ष संजय चौधरी, पार्षद गौरा देवी एवं पार्षद वेद प्रकाश तथा खंड शिक्षा अधिकारी श्री सुमित कुमार भी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा सर्टिफिकेट एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में शामिल अन्य छात्र-छात्राओं का भी उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें लंच बॉक्स वितरित किए गए।
अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में कल्पनाशीलता, आत्मविश्वास और देश के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों एवं अतिथियों ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संवाददाता: अमन सिंह





