आगरा में यूपी टीईटी परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने खुद परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निष्पक्ष एवं नकलविहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए।उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित यूपी टीईटी परीक्षा के लिए आगरा में 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यह परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई तक कुल 5 पालियों में आयोजित की जा रही है, जिसमें 50 हजार 512 अभ्यर्थी शामिल होंगे।जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जीआईसी सहित कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अभ्यर्थियों की चेकिंग, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, छाया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए 26 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 26 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। शासन की ओर से सेवानिवृत्त आईपीएस रामलाल वर्मा को परीक्षा पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता भंग करने या नकल कराने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पहले दिन पहली पाली में 1,416 और दूसरी पाली में 1,445 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।जिला प्रशासन का दावा है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि यूपी टीईटी परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराई जा सके।





