जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल जी ने अभिभावकों, आमजन से की अपील: 14 वर्ष आयु वर्ग की सभी बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी है उपाय आइए, मिलकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सर्वाइकल कैंसर मुक्त आगरा के निर्माण में अपना योगदान दें”-जिलाधिकारी**बाजार में इस वैक्सीन की कीमत लगभग ₹4,000 प्रति डोज है, जबकि सरकार इसे बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए निःशुल्क करा रही उपलब्ध आगरा.जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल जी ने जनपद के सभी अभिभावकों, शिक्षकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं सम्मानित नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि 14 वर्ष आयु वर्ग की सभी बालिकाओं को एचपीवी (Human Papillomavirus-HPV) वैक्सीन अवश्य लगवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक अभिभावक अपनी बेटियों के उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य का सपना देखता है। सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है और इसके कारण प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में महिलाओं की असामयिक मृत्यु हो जाती है। उन्होंने बताया कि इस बीमारी का प्रमुख कारण एचपीवी वायरस है, जबकि इससे बचाव के लिए सुरक्षित, प्रभावी एवं विश्वसनीय एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध है।उन्होंने बताया कि भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जनपद की 14 वर्ष आयु वर्ग की सभी किशोरियों (जिन्होंने अभी अपना 15वां जन्मदिन पूरा नहीं किया है) को एचपीवी वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। बाजार में इस वैक्सीन की कीमत लगभग ₹4,000 प्रति डोज है, जबकि सरकार इसे बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए निःशुल्क उपलब्ध करा रही है।जिलाधिकारी ने कहा कि यह केवल एक टीका नहीं, बल्कि बेटियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने का सुरक्षा कवच है। जनपद के जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त प्रत्येक माह के तीसरे शुक्रवार को निकटतम सब-सेंटर पर एएनएम द्वारा भी एचपीवी टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।श्री बंसल ने अभिभावकों से आग्रह किया कि यदि उनकी बेटी 14 वर्ष आयु वर्ग में है, तो उसका पंजीकरण यू-विन (U-WIN) पोर्टल पर अवश्य कराएं अथवा निकटतम टीकाकरण केंद्र पर स्वास्थ्य कर्मियों की सहायता से पंजीकरण करवाएं। टीकाकरण के समय मोबाइल फोन के साथ आयु प्रमाण-पत्र जैसे आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड अथवा स्कूल आईडी कार्ड साथ लेकर जाएं।जिलाधिकारी ने कहा कि आज की एक छोटी-सी पहल कल बेटियों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बन सकती है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि जनपद आगरा की कोई भी पात्र बालिका एचपीवी टीकाकरण से वंचित न रहे।उन्होंने शिक्षकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों तथा जागरूक नागरिकों से भी इस जनहितकारी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।“एचपीवी का टीका, सुरक्षा का संकल्प — सर्वाइकल कैंसर से बेटियों का जीवन बचाने का सशक्त विकल्प।”“आइए, मिलकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सर्वाइकल कैंसर मुक्त आगरा के निर्माण में अपना योगदान दें।





