आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। रेनबो हॉस्पिटल के पास NH-19 पर माल से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर मेट्रो डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस, सीसी टीम और यातायात पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बिना समय गंवाए हाइड्रा क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाया और बाधित यातायात को जल्द ही सामान्य कर दिया, जिससे लोगों को अधिक देर तक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
दुर्घटना के बाद पुलिस उपायुक्त यातायात श्री सोनम कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।





