फतेहाबाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक गुरुवार को फतेहाबाद पहुंचे। उन्होंने फतेहाबाद के दिवंगत भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा की त्रयोदशी एवं भंडारा कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।डिप्टी सीएम बृजेश पाठक दिवंगत विधायक के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और दिवंगत विधायक के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा की त्रयोदशी का मुख्य कार्यक्रम फतेहाबाद के बाजिदपुर स्थित जगजीत कॉलेज में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और गणमान्य नागरिक पहुंचे। श्रद्धांजलि देने के लिए उमड़ी भीड़ के चलते कार्यक्रम स्थल पर काफी चहल-पहल रही।इस दौरान फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत विधायक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।कार्यक्रम के दौरान दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के सामाजिक और राजनीतिक जीवन को भी याद किया गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग उनके अंतिम संस्कार के बाद आयोजित त्रयोदशी कार्यक्रम में शामिल होकर परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने पहुंचे।
संवाददाता: कासिम मलिक





