आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी आगरा के निर्देश पर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर रोक लगाने के उद्देश्य से विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है।इसी क्रम में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने आगरा के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने एकत्र किए।दयालबाग के खासपुर स्थित एम/एस सूरजी स्पाइसेज पर जांच के दौरान धनिया पाउडर, साबुत जीरा, हल्दी पाउडर, सेंधा नमक, स्नैक्स मसाला, पिज्जा ओरेगानो और सलाद मसाला सहित कुल 7 विधिक नमूने लिए गए।निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत 300 किलोग्राम सेंधा नमक, 53.9 किलोग्राम हल्दी पाउडर और 56 किलोग्राम धनिया पाउडर सहित कुल 409.9 किलोग्राम खाद्य पदार्थ सीज़ किए गए। जब्त किए गए खाद्य पदार्थों की अनुमानित कीमत 48 हजार 980 रुपये बताई गई है।इसके अलावा खेरागढ़ के जगनेर स्थित एस.के. गोयल सेल्स से गरम मसाला का एक विधिक नमूना भी संग्रहित किया गया।अभियान के दौरान जिले में कुल 8 विधिक नमूने लिए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि वे केवल मानक और सुरक्षित खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण और विक्रय करें तथा खाद्य सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनहित में ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।





