आगरा। उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों के लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी किए जाने पर आगरा में आदर्श कोटेदार एवं उपभोक्ता वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार का आभार जताया। संगठन के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडे के नाम धन्यवाद ज्ञापन सौंपा।एसोसिएशन की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश सरकार ने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। यानी कोटेदारों के लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है।संगठन के पदाधिकारियों ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडे के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से प्रदेश के गरीब, जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कोटेदारों का कहना है कि लाभांश में की गई यह बढ़ोतरी उनके आर्थिक हितों को मजबूती प्रदान करेगी। साथ ही, यह निर्णय सरकार की ओर से उचित दर विक्रेताओं के सेवा कार्य और उनकी जिम्मेदारियों के प्रति संवेदनशीलता एवं सम्मान को भी दर्शाता है।ज्ञापन में संगठन ने कहा कि उचित दर विक्रेताओं की समस्याओं और हितों को गंभीरता से लेते हुए लाभांश बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार भविष्य में भी कोटेदारों के हित में इसी तरह सकारात्मक निर्णय लेती रहेगी।इस अवसर पर आदर्श कोटेदार एवं उपभोक्ता वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष देवकीनंदन दीक्षित, महासचिव श्याम सिंह, विनय अग्रवाल, महानगर उपाध्यक्ष विनोद विहारी, जिला कोषाध्यक्ष होरी लाल, सदस्य लाल सिंह, सुभाष चंद, पुष्पेंद्र सिंह, सोनू बघेल समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।





