आगरा मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई।बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, जलभराव, नाला निर्माण और सफाई, साफ-सफाई तथा आवागमन से संबंधित समस्याओं पर अधिकारियों से जानकारी ली गई।मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यमियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कराते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।विद्युत आपूर्ति से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों को रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और विद्युत संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए।वहीं, औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, नाला निर्माण और जलभराव की समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया। नालों की नियमित सफाई और जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।बैठक में एक जनपद एक उत्पाद यानी ओडीओपी योजना सहित उद्योगों के विकास और प्रोत्साहन से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को पात्र प्रस्तावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने और उद्यमियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्योग बंधु समिति में प्राप्त प्रकरणों पर संबंधित विभाग समयबद्ध कार्रवाई करें, ताकि उद्यमियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व संदीप कुमार वर्मा, जिला उपायुक्त उद्योग शैलेंद्र कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जिला उद्योग बंधु समिति के सदस्य मौजूद रहे।





