आगरा में भूजल सप्ताह के तृतीय दिवस पर भूजल संरक्षण और जल संचयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।विकास खंड अछनेरा के सभागार में एडीओ पंचायत की अध्यक्षता में गोष्ठी आयोजित हुई, जहां भूजल संरक्षण, संचयन और संवर्धन पर चर्चा करते हुए उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।वहीं विकास खंड विचपुरी में रैली निकालकर और पंपलेट वितरित कर आमजन को जल बचाने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने जल संरक्षण का संकल्प भी लिया।इधर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शाहगंज में छात्राओं के बीच भूजल संरक्षण विषय पर गोष्ठी, प्रश्नोत्तरी, निबंध, स्लोगन और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान हाइड्रोलॉजिस्ट अवधेश कुमार भास्कर ने कहा कि वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी भूजल का संरक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी से जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने और वर्षा जल संचयन अपनाने की अपील की।





